-भारत सिंह चौहान
कोटा/कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर–2026 आमजन के लिए एक प्रभावी समाधान मंच बनकर उभर रहे हैं। शिविरों के माध्यम से लोगों को संपत्ति, लीज और अन्य लंबित मामलों का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
आज आयोजित शिविर में 28 पट्टे जारी किए गए, जबकि 25 कच्ची बस्ती नियमन प्रकरणों का समाधान किया गया। इसके अलावा 34 लीज मुक्ति प्रमाण पत्र जारी कर आवंटियों को वर्षों पुराने मामलों से राहत दी गई। साथ ही भवन मानचित्र, नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन एवं भूखण्ड पुनर्गठन से जुड़े प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार शिविरों में नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य लोगों के काम को आसान बनाना और उन्हें समय पर राहत देना है।
KDA सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि शिविरों में नागरिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर ही अपने लंबित मामलों का समाधान प्राप्त कर रहे हैं।
शिविर के साथ-साथ शहर में विकास कार्य भी जारी हैं। आज 1000 वर्गमीटर सी.सी. सड़क की मरम्मत, 250 रनिंग मीटर नाला-नाली सुधार, 30 रनिंग मीटर सीवर लाइन मरम्मत, 25 सीवर कनेक्शन स्वीकृत, 200 वर्गमीटर प्रमुख चौराहों एवं डिवाइडरों पर सुधार कार्य तथा 350 वर्गमीटर पार्कों में सफाई और सुधार कार्य किए गए। इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने कोटावासियों से अपील की है कि वे शहरी सेवा शिविरों में पहुंचकर दी जा रही सुविधाओं और राहत का अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपने लंबित मामलों का समय पर समाधान करवाएं।





