Thursday, July 2, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

CCTV में कैद खौफनाक वारदात: घर के बाहर खड़ी कार पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, गेट भी जलाया ताकि परिवार बाहर न निकल सके

कोटा। शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने देर रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए रिटायर्ड नर्सिंगकर्मी के घर के बाहर खड़ी कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इतना ही नहीं, बदमाशों ने मकान के मुख्य गेट के बाहर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि घर के लोग बाहर नहीं निकल सकें। इसके बाद उन्होंने डंडों से कार पर ताबड़तोड़ हमला किया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

यह घटना बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी नगर सरकारी स्कूल के पास की गली में हुई। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत उद्योग नगर थाने में दर्ज कराई है।

रिटायर्ड नर्सिंगकर्मी ओमप्रकाश खजोटिया ने बताया कि वे बुधवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ अवध एक्सप्रेस से नेपाल यात्रा पर निकले थे। घर पर उनका बेटा, बहू और पोता मौजूद थे। रात करीब साढ़े 12 बजे कॉलोनी के तीन युवक घर के बाहर पहुंचे। उनके पास पेट्रोल से भरी एक बोतल थी। एक बदमाश ने मकान के गेट के बाहर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जबकि दूसरे ने घर के सामने खड़ी डिजायर कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद बदमाशों ने डंडों से कार पर जमकर हमला किया और मौके से फरार हो गए।

घटना की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए तो कार में आग लगी हुई थी। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि कॉलोनी में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। कभी वाहनों के शीशे तोड़ दिए जाते हैं, कभी गाड़ियों में आग लगा दी जाती है और कभी घरों के दरवाजों पर डंडों से हमला किया जाता है। इसके बावजूद बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं और बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles