कोटा। आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बुधवार रात निगम अधिकारियों के साथ मेला प्रांगण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले के विभिन्न बाजारों को देखा और अधिकारियों को अभी से दशहरा मैदान को मेले के आयोजन के लिए तैयार करने के निर्देश दिए।आयुक्त मेहरा ने सबसे पहले वेस्ट जोन में फूड कोर्ट और झूला बाजार का निरीक्षण किया और आवंटन की प्रक्रिया को जाना। उन्होंने वेस्ट जोन में भारी भीड़ को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट के लिए किए जाने वाले कार्यों और यहां कच्ची दुकानों की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मेला प्रांगण में सभी सुविधाओं को सुचारू बनाने के निर्देश दिए तथा कहा कि यदि कोई सुधार किए जाने हैं तो अभी से टेंडर प्रक्रिया शुरू करें।उन्होंने मेला प्रांगण में उगी झाड़ियां और घास को भी कटवाने के निर्देश दिए और कहा कि यह कार्य निरंतर जारी रहना चाहिए। साथ ही यू मार्केट की वह दुकानें जो किराए पर नहीं उठ रही हैं, उसके लिए राजस्व अनुभाग और निर्माण अनुभाग को मिलकर कार्ययोजना बनाने के लिए कहा।
ईस्ट जोन को साल भर चलाने का करें प्लान
आयुक्त मेहरा ने अधिकारियों को ईस्ट जोन को साल भर गतिविधियां आयोजित करने के लायक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईस्ट जोन सीएडी सर्किल के नजदीक है और पास की सड़क पर साल भर ट्रेफिक का फ्लो रहता है। ऐसे में यह जोन वर्ष भर उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
फेज-2 को करें सुरक्षित
आयुक्त मेहरा ने फेज-2 को भी निरीक्षण किया तथा यहां के प्रवेश द्वार को हर समय ताला लगाकर बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां एक जगह नया दरवाजा लगाने तथा पुलिस कंट्रोल रूम के पास के प्रवेश द्वारा के आसपास से अवांछित व्यक्तियों को हटाने के भी निर्देश दिए।
यह अधिकारी रहे साथ
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त जवाहरलाल जैन, उपायुक्त भावना सिंह, माल्विका त्यागी, धीरज कुमार सोनी, अधीक्षण अभियंता महेश चंद गोयल, अधिशासी अभियंता एक्यू कुरैशी, सहायक अभियंता तौसिफ खान, भुवनेश नावरिया, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






