Sunday, August 16, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

गढ़ पैलेस के पास सिसोदिया स्वीट्स में डेढ़ लाख की चोरी, वारदात CCTV में कैद

कोटा। शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कैथूनीपोल थाना क्षेत्र का है, जहां गढ़ पैलेस के पास स्थित सिसोदिया स्वीट्स एण्ड केटर्स की दुकान को बुधवार तड़के एक शातिर चोर ने निशाना बनाया। चोर दुकान के शटर को ऊपर उठाकर नीचे से अंदर घुसा और अलग-अलग गल्लों में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 5:35 बजे की है। गढ़ पैलेस के पास तथा कैथूनीपोल थाने से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित सिसोदिया स्वीट्स एण्ड केटर्स की दुकान पर एक अज्ञात चोर पहुंचा। उसने पहले दुकान के शटर को ऊपर उठाया और शटर के नीचे पत्थर व ईंट लगाकर इतना ऊंचा कर दिया कि वह आसानी से अंदर-बाहर आ सके। इसके बाद चोर दुकान में घुसा और अलग-अलग गल्लों में रखी नकदी समेटकर फरार हो गया।

सबसे हैरानी की बात यह रही कि जिस समय चोर वारदात को अंजाम दे रहा था, उसी दौरान दुकान के समीप स्थित साईं बाबा मंदिर में श्रद्धालु दर्शन के लिए आ-जा रहे थे। इसके बावजूद चोर बिना किसी डर के चोरी करता रहा और आराम से मौके से निकल गया।

घटना की जानकारी सुबह दुकान खुलने पर लगी। दुकान मालिक नरपत सिंह सिसोदिया ने दुकान में रखी नकदी गायब देखी तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड मिली। इसके बाद उन्होंने कैथूनीपोल थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसकी तलाश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े और व्यस्त क्षेत्र के निकट हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles