कोटा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोटा की हजीरा बस्ती में कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, कोटा विकास प्राधिकरण की टीम की ओर से एक दिन पहले ही अतिक्रमण हटाने को लेकर निर्देश दिए गए थे। इसके बाद आज KDA और नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ KDA का भारी जाप्ता भी तैनात रहा। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के चलते क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।






