कोटा ग्रामीण।सरकारी स्कूलों के जर्जर भवनों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोटा ग्रामीण के लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के रामराजपुरा गांव में रविवार रात करीब 8:30 बजे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे की छत की पट्टियां अचानक टूटकर नीचे गिर गईं। पट्टियां गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले ग्रामीण घबरा गए। जब ग्रामीण स्कूल पहुंचे तो कमरे की छत की पट्टियां जमीन पर पड़ी मिलीं। गनीमत रही कि रविवार की छुट्टी होने के कारण स्कूल में बच्चे और स्टाफ मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विद्यालय में कक्षा आठवीं तक पढ़ाई होती है और यहां करीब 76 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। सरपंच दुर्गेश ने बताया कि स्कूल भवन में कुल पांच कमरे थे। इनमें से दो जर्जर कमरों को पहले ही गिराया जा चुका था। शेष तीन कमरों में भी मरम्मत की आवश्यकता थी। अब इनमें से एक कमरे की छत की पट्टियां गिर गई हैं। इस कमरे की छत पर पहले से ही क्रॉस के निशान लगे हुए थे। हादसे के बाद विद्यालय परिसर में केवल दो कमरे ही उपयोग के लिए बचे हैं।
नई बिल्डिंग बनने तक स्कूल में नहीं बैठेंगे बच्चे
गांव के सरपंच दुर्गेश ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। जर्जर भवन में अब किसी भी बच्चे को नहीं बैठने दिया जाएगा। जब तक स्कूल की नई बिल्डिंग नहीं बनती, तब तक बच्चों को इस भवन में बैठाकर पढ़ाई नहीं कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दो कमरों और टिनशेड वाले बरामदे में 76 बच्चों को बैठाकर पढ़ाना संभव नहीं है।
अप्रैल में मिला था 11.50 लाख का बजट, चुनाव के कारण अटका काम
लाडपुरा सीबीईओ ममता चौधरी ने बताया कि जर्जर स्कूल भवनों के सर्वे के दौरान रामराजपुरा विद्यालय के तीन कमरों को चिह्नित किया गया था, जिनकी मरम्मत होनी थी। पांच कमरों वाले इस विद्यालय में दो कमरे ठीक थे, जबकि तीन कमरों की छत की मरम्मत प्रस्तावित थी।
उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने में मरम्मत कार्य के लिए करीब 11.50 लाख रुपये का बजट मिला था। ठेकेदार काम शुरू करने पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने मरम्मत के बजाय नई छत डालने की मांग की। इसके बाद सितंबर में 11.50 लाख रुपये का रिवाइज ऑर्डर जारी किया गया, लेकिन चुनाव के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया।
सीबीईओ के अनुसार जुलाई महीने से ही तीनों जर्जर कमरों को बंद कर दिया गया था। इसके बाद विद्यार्थियों की कक्षाएं दो कमरों और टिनशेड वाले बरामदे में संचालित की जा रही थीं। जिस कमरे की छत की पट्टियां गिरी हैं, उसमें फर्नीचर और कबाड़ रखा हुआ था।
विधायक कल्पना देवी ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने सोमवार सुबह शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जर्जर भवन और क्षतिग्रस्त कमरे की स्थिति देखी।
बड़ा सवाल: सर्वे में जर्जर घोषित भवन की मरम्मत समय पर क्यों नहीं हुई?
जब विद्यालय भवन के तीन कमरे पहले ही जर्जर घोषित किए जा चुके थे और जुलाई से बंद भी थे, तो मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का काम समय पर पूरा क्यों नहीं हो पाया? 76 विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक सुरक्षित व्यवस्था कब होगी? क्या विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जर्जर सरकारी स्कूलों की सुध लेगा?
फिलहाल ग्रामीणों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय के लिए जल्द से जल्द सुरक्षित भवन और पढ़ाई की उचित व्यवस्था की जाए।






