कोटा। सेंट्रल रेलवे के पुणे मंडल के पुणे–लोनावला रेलखंड में तकनीकी कार्य एवं पावर ब्लॉक के कारण रेल प्रशासन द्वारा कोटा मंडल से होकर संचालित होने वाली जयपुर–पुणे–जयपुर एक्सप्रेस के परिचालन में आंशिक परिवर्तन किया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि 4 जुलाई को जयपुर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12940 जयपुर–पुणे एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य पुणे स्टेशन के स्थान पर खड़की स्टेशन तक ही संचालित होगी तथा वहीं यात्रा समाप्त करेगी।
इसी प्रकार 5 जुलाई को गाड़ी संख्या 12939 पुणे–जयपुर एक्सप्रेस पुणे स्टेशन के स्थान पर खड़की स्टेशन से सायं 17:35 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पूर्व गाड़ी की अद्यतन स्थिति एवं समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। गाड़ियों के समय एवं संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट तथा एनटीईएस ऐप का उपयोग किया जा सकता है।





















