कोटा। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशानुसार शहर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत के आधार पर नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने थाना भीमगंज मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक मिठाई की दुकान के सामने किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया।
जानकारी के अनुसार संबंधित दुकान संचालक को एक दिन पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए पाबंद किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार को नगर निगम के संसाधनों की सहायता से दुकान के सामने किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी अपने जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे।
इसके बाद नगर निगम की टीम ने जेडीबी कॉलेज से स्टेशन मेन रोड तक अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध रूप से रेडी-पटरी लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इन रेडी-पटरी संचालकों को पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी एवं पाबंद किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सड़क से अपना अस्थायी अतिक्रमण नहीं हटाया।
बार-बार चेतावनी की अनदेखी किए जाने पर अतिक्रमण दस्ते ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अस्थायी अतिक्रमण हटाया तथा कई रेडी-पटरी संचालकों का सामान जब्त कर लिया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशानुसार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने तथा अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





