Tuesday, June 30, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता पर कार्यशाला आयोजित

झालावाड़। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एवं कट्स इंटरनेशनल, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विभाग के सभागार, झालावाड़ में जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल वित्तीय सेवाओं तथा जमाकर्ताओं के अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में कट्स इंटरनेशनल, जयपुर के राजदीप पारीक ने प्रतिभागियों को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता योजना के उद्देश्य एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं में बैंकिंग सेवाओं, सुरक्षित वित्तीय लेन-देन, डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, जिससे वे सूचित एवं सुरक्षित वित्तीय निर्णय ले सकें।

मुख्य वक्ता अजाज अहमद, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी, राजस्थान ग्रामीण बैंक ने बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न प्रकार की जमा योजनाओं, सुरक्षित बचत की आदत तथा ग्राहकों के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा वित्तीय अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

राहुल प्रजापत, सेंटर कोऑर्डिनेटर, वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी), झालावाड़ ने वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए आवश्यक सावधानियों पर विशेष बल दिया।

अनुभव भटनागर, बैंक ऑफ इंडिया तथा अमित कसैरा, शाखा प्रबंधक, आईसीआईसीआई बैंक ने बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान प्रणालियों, बचत एवं सावधि जमा योजनाओं, ऋण सुविधाओं तथा बैंकिंग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने प्रतिभागियों को डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को साइबर अपराधों जैसे फर्जी कॉल, फिशिंग, ओटीपी एवं केवाईसी धोखाधड़ी, एटीएम कार्ड स्किमिंग, मनी म्यूल तथा अन्य ऑनलाइन वित्तीय अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया। साथ ही बैंकिंग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं पर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें बनवारी लाल शर्मा, रूपचंद गुर्जर, राजेन्द्र, निर्मला, शीला, गायत्री सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल भुगतान एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कराया।

सामाजिक विकास संस्थान के नाथू राम चौधरी ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles