Thursday, August 20, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

रजत मार्केट में मानसिक रूप से अस्थिर दुकानदार की हरकतों से व्यापारियों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज

कोटा। शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र स्वर्ण-रजत मार्केट की गली नंबर-1 में एक दुकानदार की कथित गतिविधियों से आसपास के व्यापारियों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित दुकानदार आए दिन रात के समय नशे की हालत में उत्पात मचाता है, कचरा फैलाता है तथा अभद्र और अशोभनीय व्यवहार करता है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।

दुकान के बाहर फैलाया कचरा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

व्यापारियों के अनुसार मंगलवार को एक नई घटना सामने आई, जब संबंधित दुकानदार ने कथित रूप से सामने स्थित दुकान के बाहर कचरा फैला दिया और पूरे परिसर को गंदा कर दिया। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें उक्त व्यक्ति की गतिविधियां सामने आने का दावा किया गया है।

व्यापारियों का आरोप – रात में करता है उत्पात

मार्केट के कई दुकानदारों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति रात के समय शराब के नशे में इधर-उधर घूमता है और कभी पत्थर फेंकने तो कभी कचरा फैलाने जैसी हरकतें करता है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उसकी इन गतिविधियों से रात के समय सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

अश्लील गतिविधियों के भी आरोप

कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि संबंधित दुकानदार सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय व्यवहार करता है तथा देर रात तक आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त रहता है। व्यापारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से मार्केट की छवि खराब हो रही है और परिवारों व ग्राहकों के बीच गलत संदेश जा रहा है।

पहले भी की जा चुकी है शिकायत

जानकारी के अनुसार इस संबंध में कई व्यापारी पहले भी मार्केट अध्यक्ष कपिल सोनी को मौखिक रूप से शिकायत कर चुके हैं। हालांकि अभी तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आने से व्यापारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि समाज और व्यापारिक संबंधों के कारण कई लोग खुलकर सामने आने से बच रहे हैं, लेकिन समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

सुरक्षा गार्डों पर भी लगाए आरोप

कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मार्केट के रात्रिकालीन सुरक्षा गार्ड भी संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों की शिकायत करने से बचते हैं। उनका दावा है कि शिकायतों को दबाने का प्रयास किया जाता है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस से करेंगे शिकायत

मार्केट के व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की जानकारी पुनः मार्केट अध्यक्ष कपिल सोनी को दे दी गई है। यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो व्यापारी सामूहिक रूप से पुलिस प्रशासन से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।

व्यापारियों का कहना है कि मार्केट में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles