कोटा। गुमानपुरा थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ कथित अभद्रता एवं जबरन शारीरिक संबंध बनाने के प्रयास के मामले में आरोपी धर्मेंद्र उर्फ धम्मू मीणा के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया।
नेशनल कांग्रेस वर्कर्स कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी आबिद खान ने बताया कि पीड़ित महिला फल-फ्रूट का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। आरोप है कि धर्मेंद्र उर्फ धम्मू मीणा ने महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला द्वारा गुमानपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद आरोपी को पाबंद किया गया, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और पाबंद किए जाने के बावजूद उसने पुनः महिला के घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आबिद खान के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मौजूद अधिकारी धनराज मीणा ने आश्वासन दिया कि मामले में महिला के बयान दर्ज किए जा चुके हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।






