कोटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन की बचत करने के संदेश पर अमल करते हुए जिला कलक्टर पीयूष समारिया अधिकारियों के साथ 17 सीटर बस में बैठकर ग्राम पंचायत मवासा, पंचायत समिति लाड़पुरा में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत आयोजित जल चौपाल के लिए रवाना हुए।
जिला कलक्टर की इस पहल से जिले के सभी अधिकारियों में ईंधन की बचत का अच्छा संदेश जाएगा। जिला कलक्टर के साथ सीईओ जिला परिषद कमल कुमार मीणा, एसडीएम लाडपुरा गजेन्द्र सिंह एवं वंदे गंगा अभियान से जुड़े विभागों के अधिकारी एक ही बस में बैठकर कलेक्ट्रेट से रवाना हुए।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से अपील की कि एक स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में एक से अधिक अधिकारी एक ही गाड़ी का इस्तेमाल कर ईंधन की बचत करें।
उल्लेखनीय है कि मावसा में आयोजित जिला कलक्टर की इस जल चौपाल में स्थानीय अधिकारियों को ही बुलाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर जिला स्तरीय अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर निर्देश प्रदान किए जाएंगे। इस पहल से आज करीब 15 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारियों की गाड़ियों में ईंधन की बचत हो सकेगी।






