पर्यटन एवं रेल कनेक्टिविटी सहित कई विषयों और आवश्यकताओं पर रखा अपना पक्ष
-अखिल नामा
बारां। होटल उद्योग से जुड़े मुद्दों, पर्यटन विकास और प्रशासनिक समन्वय को लेकर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान बारां के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर बाल मुकुंद असावा ने की, जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवरलाल जनागल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक योगेंद्र शर्मा सहित जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा एवं इंटेक बारां चैप्टर कन्वीनर जितेंद्र शर्मा पम्मी ने बताया कि
बैठक में जिला प्रशासन द्वारा होटल एवं अतिथि-गृहों में ठहरने वाले सभी आगंतुकों की जानकारी को राज्य सरकार के नियमानुसार एस एस ओ पोर्टल पर समयबद्ध एवं सही तरीके से अपलोड करने के निर्देश दिए गए, जिसका डेमो बैठक में बताया गया । अधिकारियों ने इस व्यवस्था को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं प्रशासनिक सुगमता की दृष्टि से आवश्यक बताया।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु हाड़ौती पैनोरमा को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग रखी गई। इसके साथ ही कैट सदस्यों द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन देकर बारां से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग को भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया, जिस पर भी अधिकारियों ने सकारात्मक रूप से प्रयास करने का भरोसा दिया है।
बैठक में जिले के युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु होटल मैनेजमेंट का पाठ्यक्रम शुरू किए जाने तथा बारां में पर्यटन विभाग का स्थायी कार्यालय खोले जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। फेडरेशन बारां के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने कहा कि सभी के सकारात्मक प्रयासों से जिले में पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान तथा संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के निर्देशन में फेडरेशन होटल एवं टूरिज्म सहित इससे संबंधित अन्य विषयों को लेकर प्रतिदिन प्रगति के पथ पर अग्रसर रहकर कार्य कर रही है, ताकि क्षेत्र को वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकेगा ।
इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, बारां के जिलाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, उपाध्यक्ष महेंद्र शर्मा कस्तूरी, मुरारी राठौर, हर्ष विजय एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा की गई। जिला प्रशासन ने सभी अपेक्षित मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही और उच्च स्तर पर समन्वय का आश्वासन दिया।










