भारत सिंह चौहान
कोटा/ गुरुवार को प्राधिकरण के मंथन सभागार में नियमित जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता प्राधिकरण सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने की। जनसुनवाई के दौरान आमजन द्वारा प्रस्तुत विभिन्न जनहित एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जनसुनवाई में कुल 41 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें भूमि संबंधी मामले, नामांतरण, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सड़क-नाली, अतिक्रमण, आवंटन एवं अन्य प्राधिकरण संबंधी विषय प्रमुख रहे। प्राप्त प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित शाखाओं को नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सचिव चौधरी ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो तथा आमजन को राहत प्रदान करने हेतु समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान प्राधिकरण के उपायुक्त हर्षित वर्मा, मालविका त्यागी, निदेशक अभियांत्रिकी रविन्द्र प्रकाश माथुर, निदेशक प्लानिंग भूपेश मालव सहित तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।






