कोटा।“नर सेवा ही नारायण सेवा है” के पावन भाव को साकार करते हुए विश्ववेरा सखी ग्रुप ने मूकबधिर विद्यालय में सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्रुप द्वारा लगभग 150 दिव्यांग बच्चों को स्नेह, अपनत्व एवं करुणा के साथ भोजन वितरित किया गया।
ग्रुप अध्यक्ष कविता दुगेरिया ने बताया कि बच्चों के मासूम चेहरों पर आई मुस्कान और उनकी प्रसन्नता ने सभी सदस्यों को भावविभोर कर दिया। यह सेवा कार्य केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का जीवंत प्रतीक बन गया।
कोषाध्यक्ष सुधा जैन ने जानकारी दी कि यह पुण्य कार्य उषा जिंदल एवं कामिनी जैन के जन्मदिवस के पावन अवसर पर आयोजित किया गया। वहीं टीना जैन द्वारा बच्चों को पेन वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
इस सेवा अभियान में सह-कोषाध्यक्ष प्रिया स्वाति सहित अर्चना, माधुरी, मीनाक्षी, अनीता, सीमा गोधा, मेना, प्रियंका, गुलशन, अनीता पाटोदी, सिद्धेश्वरी ज्योति, मधु सहित समस्त सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में ग्रुप सदस्यों ने समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता, करुणा और अपनत्व के संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं।





