Thursday, April 30, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

स्काउट गाइड शिविर में सेवा का संकल्प, परिंडा अभियान को मिली गति,पक्षियों के लिए दाना पानी रखें , सेवा को अपनाएं – जायसवाल 

भारत सिंह चौहान

आलनिया / कोटा राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड मंडल प्रशिक्षण केंद्र, आलनिया में आयोजित 7 दिवसीय स्काउट-गाइड ग्रुप शिविर का जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में चल रही विभिन्न गतिविधियों को देखा और स्काउट-गाइड्स के अनुशासन, सेवा भावना एवं कार्यकुशलता की सराहना की।

अपने संबोधन में जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड का प्रत्येक सदस्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है। उन्होंने उपस्थित स्काउट्स और गाइड्स से आह्वान किया कि वे सेवा कार्यों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और समाज के जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहें।

उन्होंने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए “परिंडा अभियान” की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सभी स्काउट-गाइड सदस्यों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में परिंडे लगाकर उनमें नियमित रूप से दाना-पानी भरें, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके। उन्होंने इसे प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं शिक्षा सहकारी डायरेक्टर कमल कुमार शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं को नेतृत्व, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से बच्चों और युवाओं में आत्मनिर्भरता, टीम वर्क और सेवा भावना का विकास होता है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर शिविर संचालक शेर सिंह चौधरी , हीरा लाल रावत, गोपाल कृष्ण मिश्रा, सीओ स्काउट बृज सुंदर मीणा, मनराज गुर्जर, श्याम गुप्ता, नीलम पारेता, भारती महावर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्याम गुप्ता ने किया, जबकि गोपाल कृष्ण मिश्रा ने शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए अब तक की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल एवं शिक्षा सहकारी डायरेक्टर कमल कुमार शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें बधावा, गार्ड ऑफ ऑनर तथा तिलक, अक्षत और स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।

शिविर में भाग ले रहे स्काउट्स और गाइड्स ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर उनके जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें न केवल नई-नई कौशल सीखने को मिल रही है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी अवसर मिल रहा है।

समापन में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तत्पश्चात सहकारिता वर्ष के अंतर्गत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वाधान में चलाए जा रहे ” परिंदे को परिंडा अभियान ” के तहत परिंडे बांधे गए और अपने अपने घरों पर भी परिंदे बांधकर नियमित दाने पानी की व्यवस्था का संकल्प करवाया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles