कोटा। शहर के रामपुरा स्थित गांधी चौक, पुरानी धान मंडी में आज श्री नरसिंह जयंती का भव्य आयोजन किया जाएगा। अग्रवाल मोमिया पंचायत के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन पिछले 125 वर्षों से निरंतर इसी स्थान पर आयोजित होता आ रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार संध्याकाल सूर्यास्त के साथ ही शाम 6:45 बजे श्री नरसिंह धर्मशाला से भगवान नरसिंह के स्वरूप की शोभायात्रा प्रारंभ होगी। ढोल-नगाड़ों और घंटा-करताल के साथ भगवान का स्वरूप मंदिर से निकलकर मुख्य सड़क पर चौहान स्थल तक पहुंचेगा, जहां 20 फीट ऊंचे हिरण्यकश्यप के पुतले का वध किया जाएगा।
इस दौरान भगवान शिव, पार्वती, विष्णु, लक्ष्मी, ब्रह्मा, नारद और भक्त प्रहलाद सहित विभिन्न देवी-देवताओं के आकर्षक स्वरूप सजाए जाएंगे। भगवान नरसिंह द्वारा हिरण्यकश्यप का वध होते ही उपस्थित श्रद्धालु पुतले के कागज, लकड़ी आदि को प्रसाद स्वरूप अपने घर ले जाएंगे, जिन्हें शुभ और रक्षा का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों को भगवान का आशीर्वाद दिलाने लाती हैं। हालांकि भगवान नरसिंह के विकराल रूप को देखकर कई छोटे बच्चे भयभीत भी हो जाते हैं।
वध के पश्चात भक्त प्रहलाद के स्वरूप को भगवान के समक्ष प्रस्तुत कर उनका क्रोध शांत कराया जाएगा, इसके बाद अन्य बच्चों को आशीर्वाद दिया जाएगा। अंत में आरती कर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस वर्ष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंकज मेहता, जगदीश जिंदल, अग्रवाल समाज अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, हेमराज जिंदल, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, चेतन प्रकाश मित्तल, ट्रस्टी सोहनलाल गुप्ता, कैलाश गुप्ता, गोपाल मित्तल, बालकृष्ण मित्तल और गिरिराज मित्तल रहेंगे।






