कोटा/शहर में मंदिर और मस्जिदों को भेजे जा रहे बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता दिनेश जोशी के नेतृत्व में श्रीपुरा स्थित सुभाष सर्किल पर बिलों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की कोई आय नहीं होती, ऐसे में इन बिलों का भुगतान करना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नगर निगम इन बिलों का भुगतान करता था, लेकिन अब जिम्मेदारी हटाए जाने से परेशानी बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि देवस्थान विभाग के अंतर्गत आने वाले मंदिरों के बिजली बिल विभाग ही जमा करवाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।






