कोटा | कॉम्पिटिशन कॉलोनी, महावीर नगर 3 में इन दिनों सीवरेज समस्या ने गंभीर रूप ले लिया है। कॉलोनी की सड़कों पर गंदा पानी फैलने से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी महेंद्र सोनी ने बताया कि सीवरेज लाइन ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़कों पर बह रहा है, जिससे बदबू फैल रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार संबंधित विभाग में शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उनका मानना है कि यदि नई सीवरेज लाइन डाली जाए, तो इस समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है।





