कोटा विकास प्राधिकरण की नियमित जनसुनवाई प्राधिकरण के मंथन सभागार में आयुक्त ममता कुमारी तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उक्त जनसुनवाई में कुल 46 नवीन प्रकरण प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त पूर्व में आयोजित जनसुनवाईयों के वे 34 प्रकरण भी प्रस्तुत हुए, जिनमें आज की तिथि में सुनवाई हेतु नियत की गई थी। सभी प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई नियमानुसार एवं क्रमवार की गई।
प्राप्त प्रकरणों में से 13 प्रकरणों का निस्तारण जनसुनवाई के दौरान मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा कर दिया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में अग्रिम जनसुनवाई की तिथि नियत करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण उपरांत समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश आयुक्त द्वारा प्रदान किए गए।
जनसुनवाई में प्रस्तुत प्रकरण मुख्यतः नाम हस्तानंतरण, रिफंड, भू-पट्टी आवंटन, अतिक्रमण, मुआवजा भुगतान, नियमितीकरण, पुनर्वास तथा कच्ची बस्तियों से संबंधित रहे। जनसुनवाई के दौरान चंबल कॉलोनी के लगभग 46 आवेदकों को लॉटरी निरस्त होने के कारण कुल ₹9 लाख 20 हजार की राशि रिफंड किए जाने के आदेश आयुक्त महोदया द्वारा जारी किए गए। वहीं एक अन्य प्रकरण में एक व्यक्ति को मौके पर ही रजिस्ट्री प्रपत्र प्रदान कर त्वरित निस्तारण किया गया तथा एक प्रकरण मे विगत 3 वर्षो से लंबित भू-पट्टी के आवेदन का निस्तारण कर आवेदक को भू-पट्टी आवंटित की गयी।
इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान डिफेन्स गृह निर्माण सहकारी समिति, डिफेन्स कॉलोनी (बंधा धर्मपुरा रोड) द्वारा उनके क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने की मांग प्रस्तुत की गई। इस पर आयुक्त द्वारा संबंधित अभियंता को अति शीघ्र प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपायुक्त के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों की एक टीम का गठन कर मौके पर ही स्थल का परीक्षण कराने एवं परीक्षण उपरांत आवश्यक समाधान करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
जनसुनवाई के दौरान प्राधिकरण के सचिव मुकेश कुमार चौधरी, उपायुक्त हर्षित वर्मा, मालविका त्यागी, निदेशक अभियांत्रिकी रवीद्र माथुर, निदेशक प्लानिंग भूपेश मालव, निदेशक वित्त डॉ नीतू सिंह, संबन्धित तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।






