Friday, August 28, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

चूरू में महिला कांस्टेबल के गंभीर आरोप, तत्कालीन SHO सहित चार पुलिसकर्मियों पर गैंगरेप का मामला दर्ज

चूरू। राजस्थान के चूरू जिले से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के एक थाने में पूर्व में तैनात रही एक महिला कांस्टेबल ने तत्कालीन थानाधिकारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर गैंगरेप के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिद्धमुख थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2017 से 2025 के बीच अलग-अलग अवसरों पर उसे डराया-धमकाया गया और नशीला पदार्थ पिलाकर थाने व होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला कांस्टेबल ने दो सप्ताह पूर्व पुलिस अधीक्षक जय यादव के समक्ष उपस्थित होकर लिखित परिवाद सौंपा था, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा चुका है।

परिवाद में महिला कांस्टेबल ने बताया कि वर्ष 2017 में सरदारशहर में उसकी मुलाकात विक्की नामक व्यक्ति से हुई थी, जो विद्युत विभाग की टीम के साथ वहां आया था। पीड़िता का आरोप है कि विक्की उर्फ जय बाबू खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाला बताता था। एक दिन उसने उसे पानी पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत अवस्था में चली गई। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद एक दिन तड़के करीब 3:30 बजे ड्यूटी का हवाला देकर एक कांस्टेबल ने उसे थाने बुलाया। वहां से उसे होटल ले जाया गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि उसके अपने ही महकमे के कुछ कर्मचारियों द्वारा लंबे समय तक उसके साथ बार-बार इस तरह की घटनाएं की जाती रहीं।

एसएचओ सहित पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच गंभीरता से की जा रही है।

इस संबंध में एसपी जय यादव ने बताया कि पीड़ित महिला कांस्टेबल फिलहाल गैरहाजिरी और अन्य मामलों के चलते पिछले दो माह से निलंबित चल रही है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला जांचाधीन है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य एकत्र कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles