प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश कर सनसनी फैला दी है। मामला शहर के कीड़गंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक रिहायशी इलाके में लंबे समय से अवैध देह व्यापार संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार पुलिस तक पहुंच रही थीं। रविवार को हुई पुलिस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कीड़गंज इलाके में स्थित एक मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। यह मकान एक महिला आईएएस अधिकारी के नाम पर बताया जा रहा है, जिसे किराए पर दिया गया था। बताया जा रहा है कि यह मकान करीब 15 हजार रुपये मासिक किराए पर लिया गया था। मकान किराए पर लेने वाले व्यक्ति ने शुरुआत में यहां अपने परिवार के साथ रहने की बात कही थी, लेकिन बाद में इसी मकान का इस्तेमाल देह व्यापार जैसे अवैध धंधों के लिए किया जाने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ महीनों से मकान में संदिग्ध गतिविधियां बढ़ गई थीं। दिनभर अजनबी युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे मोहल्ले के लोगों को शक हुआ। कई बार टोका-टाकी के बावजूद गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिसके बाद मोहल्ले वासियों ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रविवार दोपहर करीब ढाई बजे मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए जाने की सूचना है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा मकान मालिक या अन्य किसी की भूमिका इसमें है या नहीं। फिलहाल पुलिस कार्रवाई जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।






