Friday, October 2, 2026
file_000000001f3c81f8af4bf00ddfabb1bf
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

आवारा कुत्तों का कहर: शहर में बढ़ते हमलों से दहशत, ऑटो चालक के चेहरे पर किया जानलेवा हमला

कोटा।शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, लेकिन जिम्मेदार महकमे की ओर से अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही। ताजा मामला पाटनपोल क्षेत्र का है, जहां सवारी छोड़ने पहुंचे एक ऑटो चालक पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

नांता निवासी ऑटो चालक अजय सेन ने बताया कि वह पाटनपोल इलाके में सवारी छोड़कर ऑटो खड़ा कर ही रहा था, तभी वहां मौजूद आवारा कुत्तों का झुंड अचानक उसकी ओर दौड़ पड़ा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, एक कुत्ता उछलकर सीधे उसके चेहरे और मुंह पर झपट पड़ा। हमले में उसके चेहरे पर गहरे घाव हो गए और वह संतुलन खोकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के दौरान अजय की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर घायल युवक को बचाया। घटना के तुरंत बाद उसे एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसके मुंह पर गहरे घाव होने के कारण टांके लगाए। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल घायल की हालत स्थिर है, लेकिन चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को भी शहर के दो अलग-अलग इलाकों में आवारा कुत्तों ने छोटे बच्चों को काट लिया था, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार शिकायत करने के बावजूद आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

घायल ऑटो चालक अजय सेन और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से आमजन को सुरक्षित किया जा सके। फिलहाल शहरवासी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक आवारा कुत्तों का यह आतंक यूं ही जारी रहेगा और कब जिम्मेदार प्रशासन जागेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles