कोटा/पूर्व नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री तथा वर्तमान विधायक कोटा उत्तर श्री शान्ति धारीवाल ने कोटा पहुंचकर अपने मंत्री पद के कार्यकाल में ओएसडी रहे स्वर्गीय वासुदेव रामचन्दानी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर एक निजी होटल में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्वर्गीय रामचन्दानी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय वासुदेव रामचन्दानी कोटा नगर निगम में आयुक्त के पद पर भी सेवाएं दे चुके थे। कार्यक्रम में उनसे व्यक्तिगत एवं प्रशासनिक रूप से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्री शान्ति धारीवाल ने स्वर्गीय रामचन्दानी की कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता एवं समर्पण का स्मरण करते हुए उनसे जुड़े कई संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय रामचन्दानी वर्ष 1978 से उनके साथ जुड़े रहे तथा नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान 1998 से 2003, 2008 से 2013 एवं 2018 से कोविड-19 के प्रारंभिक काल तक ओएसडी के रूप में निरंतर सेवाएं देते रहे।
धारीवाल ने कहा कि राजस्थान म्यूनिसपल एक्ट-2009 को तैयार करने में उनकी मुख्य भूमिका रही है तथा विभाग से संबंधित नियमों की व्याख्या में उनकी स्पष्ट, तार्किक एवं सुदृढ़ राय सदैव निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। उनका योगदान प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय रामचंदानी के पुत्र अजय रामचंदानी तथा चंद्रशेखर रामचंदानी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य जनों का आभार प्रदर्शित किया गया ।






