कोटा।कला, साहित्य, सांस्कृतिक एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार के तत्वावधान में “सांस्कृतिक सृजन पखवाड़े” के अंतर्गत राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा लघु चित्रण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 20 से 25 सितंबर, 2025 तक कोटा के छत्र विलास उद्यान स्थित कला दीर्घा में आयोजित होगी।
इस विशेष कार्यशाला में हाड़ौती की लघु चित्र शैली के ख्यातिनाम चित्रकार श्री शंभू सिंह चोबदार एवं उनकी टीम द्वारा चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा। इसमें प्रतिभागियों को हाड़ौती की पारंपरिक लघु चित्रकला के साथ-साथ राजस्थान की प्राचीन संस्कृति, पुरातन विद्या, राजसी वैभव एवं कला की सूक्ष्मताओं से रूबरू कराया जाएगा। खासतौर से बच्चों को चित्रों की बारीकियों के माध्यम से राजस्थान की संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्घाटन इनटेक कन्वीनर, कोटा चैप्टर श्री निखिलेश सेठी करेंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध हेरिटेज प्रमोटर श्री अब्दुल हनीफ जैदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यशाला के समन्वयक डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता है ताकि बच्चों और युवाओं की कला को मंच मिल सके और उनकी कल्पनाशीलता के रंग कैनवास पर साकार हो सकें। साथ ही, यह प्रयास युवा कलाकारों को हाड़ौती एवं राजस्थान की समृद्ध कलात्मक परंपरा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।
👉 इस आयोजन से न केवल लघु चित्र शैली को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि बच्चों और युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा भी निखरकर सामने आएगी।






