कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित सिध्दीविनायक नगर में बुधवार को एक रेल कर्मचारी के बच्चे की अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत शहर की नाकेबंदी करवा दी। लेकिन बाद में बच्चा दोस्त के घर से आता हुआ मिल गया। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।
कार्तिक नाम का 11 साल का यह बच्चा रेलवे कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर दो में पड़ता है। दोपहर करीब 1:30 बजे छुट्टी के बाद कार्तिक अपने घर नहीं पहुंचा। पहले तो मां ने सोचा कार्तिक स्कूल में या रास्ते में खेलने रुक गया होगा। लेकिन कार्तिक 2:30 बजे तक भी घर नहीं पहुंचा तो मां को चिंता हुई। इसके बाद मां ने कार्तिक के पिता प्रकाश मीणा को फोन किया। अपहरण की आशंका में प्रकाश ने मामले की सूचना तुरंत रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस को दी।
बच्चों की अपहरण की सूचना से पुलिस और कॉलोनी में हड़कंप मच गया। शहर की नाकाबंदी कर पुलिस ने तुरंत कार्तिक की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को कार्तिक रास्ते में आता हुआ मिल गया। पूछताछ में कार्तिक ने बताया कि वह दोस्त के घर से आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार्तिक को उसके घर पहुचाया।






