कोटा। कोटा मंडल के कई अंडर ब्रिजों में बारिश का पानी भरा हुआ है। बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन द्वारा इन अंडर ब्रिजों से पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही। इसके चलते स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सवाई माधोपुर के पास मखोली और रणथंभौर स्टेशनों के बीच बन अंडरपास नंबर 157 में बड़ी मात्रा में पानी भरा। पानी भरा रहने से दुर्घटना की आशंका के चलते रेलवे ने इस पुल से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है तथा यहां चेतावनी का बोर्ड भी लगा दिया है। पुल बंद होने से लोगों के साथ स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों के दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
क्रॉसिंग गेट बंद कर बनाए अंडर ब्रिज
उल्लेखनीय है कि रेलवे ने क्रॉसिंग गेट बंद कर इन अंडर ब्रिजों को बनाया है। लेकिन पानी भरा रहने से बारिश के चार महीने यह अंडर ब्रिज बंद रहते हैं। सांसद विधायकों तक की शिकायत के बाद भी कई अंडर ब्रिजों से रेलवे द्वारा पानी निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती। ऐसे में इन अंडर ब्रिजों से आवागमन की परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। अंडर ब्रिजों में भरे पानी में कई हादसे भी सामने आ चुके हैं। गंगापुर के पास अंडर ब्रिज में भरे पानी में डूब कर एक युवक की मौत भी हो चुकी है।






