राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिस्बन में पुर्तगाली संसद के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से मुलाकात की। दोनों इस बात पर सहमत थे कि भारत और पुर्तगाल की संसदों के बीच नियमित आदान-प्रदान से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रपति ने लिस्बन में पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो से भी मुलाकात और बातचीत की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए आगे के रास्ते पर विचार-विमर्श किया। वे इस बात पर सहमत हुए कि व्यापार और वाणिज्य, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग के अधिक अवसर हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के साथ लिस्बन में चंपालिमॉड फाउंडेशन का दौरा किया और तंत्रिका विज्ञान, ऑन्कोलॉजी, प्रायोगिक नैदानिक अनुसंधान और स्वचालित चिकित्सा वितरण के क्षेत्रों सहित विभिन्न अनुसंधान और विकास पहलों को देखा। राष्ट्रपति ने चंपालिमॉड फाउंडेशन और पुर्तगाल के अन्य संस्थानों में काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं और विद्वानों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों और वैज्ञानिक अनुसंधान में भारत-पुर्तगाल सहयोग को मजबूत करने में भारतीय विद्वानों की भूमिका की सराहना की।






