कोटा 25 दिसंबर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धैय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंति – 25 दिसंबर के अवसर पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, जिलाध्यक्ष राकेश जैन, कार्यक्रम संयोजक जटाशंकर शर्मा , नेता खण्डेलवाल के सानिध्य में जी एम ए प्लाजा सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी के प्रारंभ में मंचस्थ गणमान्यों ने श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की । कार्यक्रम पश्चात् जिलाध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में भारत माता की जयघोष और अटल जी अमर रहे के नारे लगाते हुए प्रमुख बाजारों में रैली निकाली।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सब यहां एक महान राष्ट्रभक्त एवं कुशल राजनीतिज्ञ और प्रेरणादायक कवि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धैय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
अटल जी केवल एक नेता ही नहीं थे वे भारतीय राजनीति के एक ऐसे प्रकाशस्तंभ थे जिन्होंने अपने अद्वितीय विचारों एवं अपार धैर्य और असाधारण नेतृत्व से देश को एक नई दिशा दी। उनका जीवन सादगी, समर्पण और देशभक्ति का प्रतीक रहा।
जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने हमें सिखाया कि राजनीति सेवा का माध्यम है संघर्ष का नहीं। एक सशक्त नेता होते हुए भी वे हमेशा संवाद सहमति और सौहार्द्र के पक्षधर रहे। उनकी कविताएं हमें आज भी प्रेरणा देती हैं विशेषकर उनके ये शब्द कि
छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता, टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता।
अटल जी का योगदान केवल राजनीति तक सीमित नहीं था। उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया और जय जवान जय किसान जय विज्ञान का नारा देकर देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का संकल्प दिखाया।
आज उनकी जन्म जयंती पर हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। एक ऐसा भारत बनाना चाहिएए जिसमें समानता सद्भाव और प्रगति के आदर्श जीवंत रहें। आओ हम सब मिलकर अटल जी के सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट हों और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश की सेवा करें।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जैन ने कहा कि मैं आप सबसे यह आग्रह करना चाहूंगा कि अटल जी की तरह हम अपने जीवन में कर्तव्यनिष्ठा सत्यनिष्ठा और देशभक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम संयोजक जटाशंकर शर्मा ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की आज 100वीं जयंती है। इस दिन को हर साल भारत में सुशासन दिवस के तौर पर मनाया जाता है। यह वर्ष अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष हैं ।
श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन को अगर एक शब्द में वर्णित करना हो तो वह होगा विविधता में एकता ।
उन्होंने अपनी राजनीति में विचारधारा और वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलने की कला सिखाई चाहे विपक्ष में हों या सत्ता में उनके व्यक्तित्व की गरिमा और उनके विचारों की गहराई ने सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम संयोजक नेता खण्डेलवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी नेतृत्व शैली में दूरदर्शिता और संवेदनशीलता का अद्भुत संगम था। कारगिल युद्ध के समय उनका निर्णयात्मक नेतृत्व भारत की गरिमा और साहस का प्रतीक बना। वहीं बस यात्रा के माध्यम से पाकिस्तान से शांति वार्ता का प्रयास उनके सर्व भवंतु सुखिनः की भावना को दर्शाता है।
आज जब हम उनकी जन्म जयंती मना रहे हैं तो हमें यह याद रखना चाहिए कि अटल जी का सपना एक सशक्त और विकसित भारत के साथ साथ ऐसा भारत बनाने का था जो सांस्कृतिक मूल्यों मानवीय संवेदनाओं और नैतिकता में भी विश्व का पथ प्रदर्शक बने।
कार्यक्रम में कोटा दक्षिण निगम नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, एसटी मोर्चा प्रदेश महामंत्री अशोक मीणा, जिला महामंत्री चंद्रशेखर नरवाल, जिला उपाध्यक्ष रितेश चित्तौडा, लक्ष्मण सिंह, देवेन्द्र राही, जिला मंत्री सीमा भारद्वाज, राजेन्द्र अग्रवाल, हरिहर गौतम, नयापुरा मण्डल अध्यक्ष अनिल शर्मा, रामपुरा मण्डल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, स्टेशन मण्डल अध्यक्ष रमेश शर्मा, दादाबाडी मण्डल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह हाडा, बोरखेडा मण्डल अध्यक्ष पंकज वात्स्य, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष राम मीणा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष साहिल मिर्जा , ओबीसी मोर्चा से अमित उराडिया, महिला मोर्चा से पूनम जैन, जिला कार्यकारिणी सदस्य शमशेर परमानी, महिपाल सिंह, अल्का मेवाडा, देवेन्द्र तिवारी, चिकित्सा प्रकोष्ठ से डॉ अमित व्यास, व्यवसायिक प्रकोष्ठ से अनिल तिवारी, शिक्षक प्रकोष्ठ से रमेश चंद्र शर्मा, सैनिक प्रकोष्ठ से बालचंद फौजी, नरेश निर्भिक, सोशल मीडिया कोटा संभाग सहप्रभारी मोनिका माहेश्वरी, पार्षद राकेश पुटरा, लक्ष्मी प्रजापति, कुलदीप सिंह तलवार, संतोष राजावत, रिचा राव, सहित बडी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।






