विश्व का सबसे बड़ा जीवित संविधान भारत का है-पंकज शर्मा
रामावतार राठौर✍️
कोटा। । देश की संविधान निर्मात्री सभा द्वारा 26 नवंबर 1949 को स्वीकार किये गए संविधान के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण देश मे मनाये जाने वाले संविधान दिवस के अवसर पर सोसाइटी हैस ईव शी इंटरनेशनल चैरीटेबल ट्रस्ट, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और कोशिश एन जी ओ के द्वारा कोटा बाल विद्यालय में संविधान दिवस पर विचार संगोष्टी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और अध्यापकों को संविधान की महत्ता बताई गई। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता सोसाइटी हैस ईव शी ट्रस्ट की अध्यक्षा डॉ. निधि प्रजापति और कोशिश एन जी ओ के अध्यक्ष पंकज शर्मा रहे। डॉ. निधि प्रजापति ने अपने वक्तव्य में कहा कि संविधान है तो देश की आत्मा जीवित है यह देश की अंतरआत्मा है । हमारे देश के मूल्यों, आदर्शों, नैतिकता और भारतीय ज्ञान का संवर्धन संविधान से ही संभव हुआ है। यदि संविधान न होता तो आजादी के पूर्व की भांति ही देश मे अराजकता, असहिष्णुता, अन्याय, अत्याचार और भेदभाव होता रहता। आज यदि हम आजादी से कुछ कह, कर और जी पा रहे है तो उसका पूरा श्रेय सिर्फ और सिर्फ संविधान है। देश इसलिए व्यवस्थित रूप चल पा रहा है क्योंकि संविधान ने देश की कार्यपालिका, व्यवस्थापिका और न्यायपालिका के लिए संयमित , संतुलित और नियंत्रित किया हुआ है। संविधान ही देश के नागरिकों को निडर, निर्भीक, साहसी बनाता है और उनकी प्रतिष्ठा, सम्मान और संप्रभुता बढ़ाता है। पंकज शर्मा अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे देश का संविधान विश्व का सबसे बड़ा और जीवित संविधान है जिसमे समय समय पर आवश्यकता पड़ने पर हम परिवर्तन कर सकते है यही कारण है जब संविधान बना उस वक़्त उसमे 395 अनुच्छेद थे जो आज बढ़कर 460 से भी ज्यादा हो गए है और अब तक संविधान में 106 वैधानिक लोकतांत्रिक संशोधन हो चुके है। संविधान होगा तो ही भारतीयों का अस्तित्व बना रहेगा। इस मौके पर विद्यालय प्रिंसिपल श्रीमती मंजुला शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों का हर नागरिक को पालन ठीक उसी तरह से करना चाहिए जैसे हम अपने मौलिक अधिकारों का उपयोग करते है। हमें संविधान की प्रस्तावना में लिखित मूल शब्दों का अपने जीवन अंगीकृत करना चाहिए और कोशिश करनी चाहिए कि संविधान के मूल उद्देश्यों की पालना करे। अंत में विद्यालय के इंचार्ज ललित मोहन चतुर्वेदी और कोशिश एन जी ओ के प्रभारी अरविंद कुमार प्रभारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।





