Thursday, November 26, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा में मेयर का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था की खुली पोल! चार नाबालिग बच्चियां मिलीं, ठेकेदार को फोन पर लगाई फटकार

कोटा में मेयर का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था की खुली पोल! चार नाबालिग बच्चियां मिलीं, ठेकेदार को फोन पर लगाई फटकार

कोटा। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने गुरुवार सुबह महापौर अनुसुईया गोस्वामी अचानक वार्ड-87 में औचक निरीक्षण पर पहुंचीं। इस दौरान मौके पर सफाई व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई। महापौर को न तो नालियों की सफाई करने वाले कर्मचारी मिले और न ही झाड़ू लगाने वाले सफाईकर्मी। मौके पर कुछ महिला श्रमिक मौजूद थीं, जिनमें चार नाबालिग बच्चियां भी शामिल थीं। यह स्थिति देखकर महापौर नाराज हो गईं और उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।

महापौर ने मौके से ही संबंधित ठेकेदार अनिकेत को फोन लगाया और सफाई व्यवस्था को लेकर कड़े शब्दों में नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि न तो नाली साफ करने वाली लेबर समय पर पहुंच रही है और न ही झाड़ू लगाने वाले कर्मचारी। इसके बावजूद ठेकेदार की ओर से कोई निगरानी नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महापौर खुद सड़क पर उतरकर सफाई व्यवस्था देख रही हैं, तब ठेकेदार घर पर कैसे बैठे हैं?

फोन पर महापौर ने ठेकेदार को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यह व्यवस्था नहीं चलेगी। ठेकेदारी के नाम पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह साढ़े आठ बजे तक निर्धारित पॉइंट पर नाली सफाई, झाड़ू लगाने और कचरा उठाने वाली पूरी लेबर मौजूद होनी चाहिए। साथ ही नाबालिग बच्चियों से काम करवाए जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया।

सुबह 8 बजे का समय, साढ़े 9 बजे तक भी नहीं पहुंची लेबर

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के लिए सुबह 8 बजे का समय निर्धारित है, लेकिन साढ़े 9 बजे तक भी लेबर अपने निर्धारित पॉइंट पर नहीं पहुंची। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब कर्मचारी 10 बजे तक पॉइंट पर ही खड़े रहेंगे, तो शहर की सफाई कब होगी?

मौके पर मौजूद कर्मचारियों से भी महापौर ने सवाल-जवाब किए। उन्होंने पूछा कि क्या कर्मचारी जबरदस्ती काम कर रहे हैं या किसी नवाब के आने का इंतजार किया जा रहा है?

महापौर ने ठेकेदार को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वार्ड-87 के निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्थाओं ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था और ठेका प्रणाली की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles