ब्रह्माकुमारी संस्थान में कोटा शैली के प्रसिद्ध चित्रकार शम्भूसिंह चौबदार का प्रतिभा सम्मान
35 वर्षों की कला साधना और हाड़ौती चित्रकला के संरक्षण में योगदान के लिए किया सम्मानित
कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शक्ति सरोवर, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी में ब्रह्माकुमारी संस्थान, मयूर टाइम्स न्यूज़ एवं मीडिया क्लब कोटा के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मीडिया कर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कोटा-बूंदी एवं हाड़ौती चित्रशैली के राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध चित्रकार शम्भूसिंह चौबदार को भी प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। एस.एस. चौबदार आर्ट गैलरी के सचिव रविन्द्र सिंह चौबदार ने बताया कि शम्भूसिंह चौबदार को यह सम्मान उनकी 35 वर्षों की निरंतर कला साधना, हाड़ौती की पारंपरिक चित्रकला शैली के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किए जाने की उपलब्धि ने भी उनकी कला यात्रा को विशेष पहचान दिलाई है। समारोह में चित्रकार शम्भूसिंह चौबदार को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा महापौर अनुसूया गोस्वामी, कोटा विकास प्राधिकरण के वित्तीय सलाहकार परमानंद गोयल एवं पूर्व थर्मल अभियंता बिगुल जैन उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।






