कायस्थ समाज कोटा ने सामूहिक पूजन कर समाज की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की- कुलदीप माथुर
कोटा:- कायस्थ समाज कोटा की ओर से आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी का पूजनोत्सव खेड़ली फाटक स्थित मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं चित्रांश बंधुओं ने विधि-विधान से भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान का पूजन, पंचामृत अभिषेक, लेखनी पूजन एवं आरती की गई। इसके पश्चात प्रसाद वितरण हुआ। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने बताया कि पटना स्थित आदि चित्रगुप्त मंदिर में स्थापित भगवान श्री चित्रगुप्त जी की प्राचीन प्रतिमा, जिसे राजा टोडरमल द्वारा वर्ष 1574 में स्थापित करवाया गया था, उसी प्रतिमा की प्रतिकृति खेड़ली फाटक स्थित मंदिर में वर्ष 2017 में स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा की स्थापना तत्कालीन राज्यसभा सांसद एवं संगत-पंगत के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय श्री आर.के. सिन्हा जी द्वारा मुख्य यजमान श्री कुलदीप माथुर के सानिध्य में करवाई गई थी। तब से निरंतर कायस्थ समाज कोटा द्वारा यम द्वितीया एवं होली की दूज पर भगवान श्री चित्रगुप्त जी का सामूहिक पूजन विधि-विधान से किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष श्री विनोद सक्सेना ने बताया कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी का पंचामृत से अभिषेक कर पूजन प्रारंभ किया गया। इसके साथ ही लेखनी एवं बहीखाते का पूजन कर ज्ञान, शिक्षा, सत्य और कर्म के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का संकल्प लिया गया। अंत में सभी समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को चित्रगुप्त पूजनोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुलदीप माथुर ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय सनातन संस्कृति में भगवान चित्रगुप्त जी को न्याय, धर्म, सत्य एवं कर्मफल के अधिष्ठाता देवता के रूप में विशेष स्थान प्राप्त है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वे समस्त जीवों के अच्छे-बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं तथा मृत्यु के पश्चात जीवात्मा के कर्मों का विवरण धर्मराज यम के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। कायस्थ समाज भगवान श्री चित्रगुप्त जी को अपने आराध्य देव, कुलदेव एवं आदि पुरुष के रूप में पूजता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान ब्रह्मा जी ने मनुष्यों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने के लिए अपनी काया से एक दिव्य पुरुष की उत्पत्ति की, जिनके हाथों में लेखनी एवं दवात थी। ब्रह्मा जी की काया से उत्पन्न होने के कारण वे कायस्थ तथा गुप्त रूप से प्रकट होने के कारण चित्रगुप्त कहलाए। भगवान ब्रह्मा जी ने उन्हें समस्त जीवों के कर्मों का लेखा रखने तथा धर्मराज यम को उसका विवरण प्रस्तुत करने का दायित्व सौंपा।
भगवान चित्रगुप्त जी के हाथों में विराजमान लेखनी ज्ञान, शिक्षा एवं सत्य का प्रतीक है, जबकि दवात और बहीखाता कर्मों के लेखे एवं विवेक का प्रतीक माने जाते हैं। उनका दिव्य स्वरूप प्रत्येक व्यक्ति को सत्य, न्याय, ईमानदारी एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कायस्थ समाज की पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त जी की दो पत्नियां माता इरावती (नंदिनी) एवं माता सुदक्षिणा (शोभावती) थीं। उनके बारह पुत्रों से कायस्थ समाज की बारह प्रमुख शाखाओं—माथुर, गौड़, निगम, अस्थाना, कुलश्रेष्ठ, सूर्यध्वज, भटनागर, श्रीवास्तव, अम्बष्ठ, सक्सेना, करण एवं वाल्मीकि की उत्पत्ति मानी जाती है।
श्री माथुर ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाने वाला यम द्वितीया पर्व भगवान चित्रगुप्त जी की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर कायस्थ समाज द्वारा सामूहिक रूप से भगवान का पूजन किया जाता है तथा कलम, दवात, पुस्तकों एवं बहीखातों की पूजा की जाती है। यह परंपरा शिक्षा, ज्ञान, कार्यकुशलता, सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त जी की आराधना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि शिक्षा, न्याय, सदाचार, सामाजिक एकता एवं राष्ट्रसेवा का संदेश भी देती है। उनकी पूजा हमें यह प्रेरणा देती है कि मनुष्य का प्रत्येक कर्म महत्वपूर्ण है और कलम समाज एवं राष्ट्र का भविष्य संवारने की शक्ति रखती है। कायस्थ समाज को अपनी भावी पीढ़ी में शिक्षा, संस्कार, संगठन, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
जिला महामंत्री श्री कमल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि पूजनोत्सव में प्रदेश अध्यक्ष श्री कुलदीप माथुर, जिला अध्यक्ष श्री विनोद सक्सेना, कमल कुलश्रेष्ठ, नितिन नरेश भटनागर, पी.के. कुलश्रेष्ठ, मयूर सक्सेना, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, शशांक सिन्हा, अजय वर्मा, महेश निगम, राजन श्रीवास्तव, अजय माथुर, रिषव माथुर, नितिन भटनागर, अनिता माथुर, किशोर माथुर, वन्दना सक्सेना, प्रदीपकांत भटनागर, विजय श्रीवास्तव, अंशुल सक्सेना सहित बड़ी संख्या में चित्रांश बंधु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान श्री चित्रगुप्त जी की स्तुति एवं आरती कर समाज की खुशहाली और उन्नति की कामना की।






