कोटा। देश की सबसे तेज जनशताब्दी एक्सप्रेस के रूप में पहचान रखने वाली गाड़ी संख्या 12059/12060 कोटा–हजरत निजामुद्दीन–कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस ने बुधवार, 11 नवंबर 2026 को अपने संचालन के गौरवशाली 24 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर दिल्ली से पहुंचे रेल प्रशंसकों (रेलफैंस) ने कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर सुबह 5:30 बजे केक काटकर ट्रेन का 24वां जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। रेल प्रशंसकों के इस जश्न में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा भी शामिल हुए और उनका उत्साहवर्धन किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस ने 11 नवंबर 2002 को मात्र आठ कोचों के साथ अपना सफर शुरू किया था। यात्रियों की बढ़ती मांग के अनुरूप वर्तमान में यह ट्रेन 22 कोचों के साथ संचालित हो रही है। लगभग 76 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति के साथ यह देश की सबसे तेज जनशताब्दी एक्सप्रेस के रूप में जानी जाती है। पिछले 24 वर्षों से यह ट्रेन कोटा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच यात्रियों को महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्ध करा रही है।
रेल प्रशंसकों द्वारा आयोजित इस जन्मदिन समारोह की थीम ‘कोटा जनशताब्दी—गौरवशाली 24 वर्ष : विश्वास, संपर्क और प्रगति की यात्रा’ रही। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने रेल प्रशंसकों के उत्साह और भारतीय रेल के प्रति उनके लगाव की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान रेल प्रशंसकों ने जनशताब्दी एक्सप्रेस के 24 वर्षों के सफर को याद किया और एक-दूसरे को बधाई दी।
इस आयोजन की पहल रेल प्रशंसक पीयूष शर्मा, विजय, अवनीश शर्मा, विकास ठाकुर, आकाश गुप्ता एवं अन्य रेल प्रेमियों ने की। खास बात यह रही कि ट्रेन का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली से भी रेल प्रशंसक कोटा पहुंचे।
इस अवसर पर रेलवे की ओर से मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, लोको पायलट पी.के. जैन, सहायक लोको पायलट राजू लाल मीणा, ट्रेन मैनेजर प्रवीण गुप्ता, उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) विकास गुप्ता, स्टेशन प्रबंधक राकेश बड़ोलिया एवं स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) मुकेश गुप्ता उपस्थित रहे।
रेल प्रशंसकों की अपनी पहल पर आयोजित यह जन्मदिन समारोह भारतीय रेल के प्रति उनके विशेष लगाव और कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस की लोकप्रियता का प्रतीक बना।





