Wednesday, November 11, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा की थोक फल-सब्जी मंडी में तलवार लेकर पहुंचे बदमाश, व्यापारियों को दी जान से मारने की धमकी

15 मिनट तक तलवार लहराकर फैलाते रहे दहशत, व्यापारी ने गुमानपुरा थाने में दी शिकायत

कोटा। शहर के छावनी स्थित एरोड्रम सर्किल की थोक फल-सब्जी मंडी में हथियार लेकर पहुंचे युवकों द्वारा व्यापारियों को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 4 से 5 युवक तलवार लेकर मंडी में पहुंचे और एक व्यापारी व उसके मुनीम को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कैलाश फ्रूट्स एंड वेजिटेबल कंपनी की दुकान नंबर B-65 के संचालक महेश मीणा ने गुमानपुरा थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने मुनीम कोमल मीणा के साथ दुकान पर बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी दौरान 4 से 5 युवक दुकान के बाहर आ पहुंचे।

महेश मीणा के आरोपों के अनुसार, युवकों में शाहरुख उर्फ ढिबरी और साबिर उर्फ भूरी भी शामिल थे। इनमें से एक युवक के हाथ में नंगी तलवार थी। आरोप है कि युवकों ने दुकान के बाहर से महेश मीणा और उनके मुनीम को जातिसूचक गालियां दीं तथा मुनीम को तलवार से काटने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवक करीब 10 से 15 मिनट तक तलवार लहराते हुए मंडी में दहशत फैलाते रहे। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

महेश मीणा ने बताया कि थोक फल-सब्जी मंडी में रात के समय भी व्यापारियों का कारोबार चलता रहता है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ युवक रातभर मंडी में नशा कर व्यापारियों को धमकाते हैं।

पीड़ित व्यापारी ने गुमानपुरा थाना पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मंडी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles