कोटा के नांता में संपत्ति विवाद को लेकर तीन भाइयों में मारपीट, पिता-बेटे ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
पत्नी के सिर में आई चोट, लगाने पड़े टांके; दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस कर रही जांच
कोटा। शहर के नांता थाना क्षेत्र में संपत्ति और पारिवारिक विवाद को लेकर तीन भाइयों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार के दो पक्ष आमने-सामने हो गए। मामले में पिता और बेटे ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना 9 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे पीपली चौराहा, नांता क्षेत्र की बताई जा रही है। नांता थाना एसएचओ महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा है। इससे पहले भी इस परिवार के संबंध में दो बार मुकदमे दर्ज कर चालान पेश किए जा चुके हैं। सीएलजी स्तर पर भी परिवार के सदस्यों को समझाइश दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद 9 नवंबर को फिर विवाद हो गया। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस जांच कर रही है।
मकान और संपत्ति को लेकर विवाद का आरोप
एक पक्ष के देवेंद्र ने बताया कि वह अपने पिता के दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। मकान के निचले हिस्से में माता-पिता और 7-8 किरायेदार परिवार रहते हैं। देवेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसका आरोप है कि उसके दोनों भाई लंबे समय से पिता को गुमराह कर उसके खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उनका उद्देश्य उसे मकान और संपत्ति से बेदखल करना है। देवेंद्र का यह भी आरोप है कि बड़े भाई ने पिता के माध्यम से कई बार उसे थाने में पाबंद करवाया है।
सामाजिक कार्यक्रम में मारपीट का भी आरोप
देवेंद्र के अनुसार, 4 नवंबर को एक रिश्तेदार के यहां आयोजित पगड़ी दस्तूर के सामाजिक कार्यक्रम में बड़े भाई फतेह सिंह ने सबके सामने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद 9 नवंबर को बड़े भाई फतेह सिंह और छोटे भाई महेंद्र ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर मकान में उस पर हमला कर दिया।
देवेंद्र का आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी सुनीता और बच्चे के साथ भी मारपीट की गई। पत्नी के सिर में चोट आई, जिसके चलते अस्पताल में टांके लगाने पड़े। देवेंद्र का कहना है कि वह पहले भी पुलिस को शिकायत दे चुका है, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, दूसरी तरफ पिता ने भी अपने बेटे देवेंद्र के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






