प्रेस रिपोर्टर एवं संकलन रिपोर्ट: श्री रामावतार राठौर
कोटा। शहर में गणेश महोत्सव की धूमधाम जारी है। रविवार को विभिन्न गणेश पंडालों में दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दौरान गणपति बप्पा के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने सुबह भगवान गणेश का पूजन किया, वहीं शाम को श्री गणेश जी की आरती के साथ खाटू श्याम जी की आरती एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया।
छावनी क्षेत्र में श्री गणेश मित्र मंडल समिति, छावनी की ओर से आयोजित 25वें श्री गणेश महोत्सव-2026 के तहत गोयल धर्मशाला के पास रामचंद्रपुरा में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सजे गणेश दरबार में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में “देवा ओ देवा, गणपति देवा, स्वामी तुमसे बढ़कर कौन” और “बप्पा मोरया रे” जैसे भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी। शाम को श्री गणेश जी की आरती के बाद खाटू श्याम जी की आरती की गई। इसके पश्चात खाटू श्याम जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर भक्तिरस में डूबे रहे।
भजन संध्या में खाटू श्याम भजन गायिका कृष्ण प्रिया, नागपुर ने गणेश वंदना, हनुमान पाठ, स्तुति एवं विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के साथ समाजसेवी और क्षेत्रवासी शामिल हुए। श्री गणेश मित्र मंडल समिति के कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन में कन्हैया लाल शाक्यवाल, ऋतुराज कौशिक, लालचंद, प्रेम नारायण, पूर्व अध्यक्ष जगदीश वर्मा, राजकुमार कलवार, गजानंद, सोनू, सतीश शाक्यवाल, नवल, अंशु श्रृंगी, धर्मेंद्र, जस्सी, विनय, विकास, दीपमाला, गायत्री एवं शंकर शाक्यवाल सहित समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देर रात तक चले धार्मिक आयोजन में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर धर्मलाभ लिया। गणेश दरबार श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंजता रहा।






