मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर निर्माण को लेकर KDA और नामदेव समाज के बीच बनी सहमति
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा। श्री मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर निर्माण एवं प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों को लेकर कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) और श्री नामदेव समाज-समाज हितैषी सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता आयोजित की गई। बैठक में समाज की प्रभावित होने वाली संपत्तियों के मूल्यांकित मुआवजे को लेकर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है।
कोटा विकास प्राधिकरण के मंथन सभागार में आयोजित बैठक में KDA सचिव मुकेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में चर्चा हुई। प्राधिकरण की ओर से निदेशक अभियांत्रिकी रविन्द्र प्रकाश माथुर, विशेषाधिकारी भूमि शिक्षा पवन तथा अधिशाषी अभियंता सुमित चितोड़ा ने भाग लिया।
वहीं, श्री नामदेव समाज-समाज हितैषी सभा की ओर से अध्यक्ष नवल किशोर सरसवाल, महामंत्री सत्यनारायण बरग, भारत नामा सहित वरिष्ठ सदस्य हेमंत कुमार नामदेव, रामस्वरूप अजमेरा, महेश कुमार जोशी, लक्ष्मीचंद अजमेरा, बिरधीचंद नामा, हेमराज चितोड़ा और दिनेश बघेरवाल बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान श्री मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर एवं अन्य विकास कार्यों के लिए समाज की ली जा रही संपत्तियों के मूल्यांकित मुआवजा राशि को लेकर प्राधिकरण प्रशासन और हितैषी सभा के प्रतिनिधियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। चर्चा के बाद मुआवजा राशि के संबंध में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने की बात कही गई।
सहमति बनने के बाद अब संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी है। प्राधिकरण की ओर से अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। बैठक को मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर परियोजना से जुड़े विकास कार्यों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






