CBN की बड़ी कार्रवाई: 340.320 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त, टाटा हैरियर कार भी बरामद
भारत सिंह चौहान✍️
रतलाम। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 340.320 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक टाटा हैरियर कार भी जब्त की गई।
CBN के अनुसार, 12 सितंबर को रतलाम जिले की ताल तहसील के सांगा खेड़ा गांव में स्थित एक बाड़े पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि बाड़े में अवैध डोडा चूरा छिपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर CBN कोटा के अधिकारियों की टीम गठित कर संदिग्ध क्षेत्र में निगरानी रखी गई। बाड़े की पहचान के बाद अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई की। टीम की गाड़ियों की लाइटें देखकर मौके पर मौजूद संदिग्ध व्यक्ति वहां से फरार हो गए।
इसके बाद बाड़े में खड़ी टाटा हैरियर कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर डोडा चूरा से भरे 23 बैग बरामद हुए। इनका कुल वजन 340.320 किलोग्राम पाया गया।
CBN अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद मादक पदार्थ और टाटा हैरियर कार को NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है तथा फरार संदिग्धों की भूमिका और कथित तस्करी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
CBN अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा है। विभाग का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी से जुड़े नेटवर्क और ड्रग कार्टेल के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना भी है।
मादक पदार्थों के खिलाफ CBN का अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।





