कोटा। पूर्व राजस्थान उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को कोटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा कार्य आयोजित किया गया। नेशनल कांग्रेस वर्कर्स कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं हाड़ौती के वरिष्ठ समाजसेवी आबिद खान के नेतृत्व तथा कोटा जिला अध्यक्ष नितिन गौतम की अगुवाई में गुमानपुरा स्थित सब्जी मंडी में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्टॉल लगाकर राहगीरों को छबील वितरित की गई, वहीं जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों को भोजन के पैकेट बांटे गए। कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य के माध्यम से सचिन पायलट के जन्मदिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़कर मनाया।
प्रदेश अध्यक्ष आबिद खान ने सचिन पायलट को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट संघर्षशील और गतिशील नेता हैं तथा उनके नेतृत्व में राजस्थान के विकास और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने सचिन पायलट के पिता स्वर्गीय राजेश पायलट के सार्वजनिक जीवन और योगदान का भी उल्लेख किया।
कोटा जिला अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि सचिन पायलट के जन्मदिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना समाज और संगठन की जिम्मेदारी है तथा इसी भावना के साथ राहगीरों और बच्चों के लिए यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया। कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट के स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आबिद खान, कोटा जिला अध्यक्ष नितिन गौतम, प्रदेश महासचिव युवराज गौतम, जिला महामंत्री शाहरुख खान, जिला महासचिव आशिक अली, देवेंद्र, नरेंद्र, योगेंद्र, सलमान, शाहरुख, अक्षय, शत्रुघ्न, धर्मेंद्र, जितेंद्र, नरेंद्र सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





