वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति माथुर ✍️
कोटा/तपेश माथुर आगामी 11 सितंबर को अपने जीवन के 80 वर्ष पूर्ण करने जा रहे हैं। यह अवसर उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ शिक्षा, लेखा एवं व्यावसायिक क्षेत्र में उनके लंबे और समर्पित योगदान को याद करने का भी है।
उन्होंने मात्र 22 वर्ष की आयु में राजस्थान विश्वविद्यालय से Cost & Works Accountancy में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रथम बैच के विद्यार्थी के रूप में उत्तीर्ण किया। उनकी प्रतिभा और विषय पर मजबूत पकड़ को देखते हुए शैक्षणिक सत्र 1968-69 में उन्हें राजस्थान विश्वविद्यालय के School of Commerce में इसी पी.जी. डिप्लोमा कोर्स में Lecturer के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।
इसके बाद वर्ष 1969 में उन्होंने Instrumentation Limited में Cost Accountant के रूप में अपने व्यावसायिक करियर की शुरुआत की। उन्होंने इस संस्थान में लगभग 32 वर्षों तक सेवाएं दीं और सेवानिवृत्ति के समय Senior Manager (Finance & Accounts) के पद पर कार्यरत रहे।
श्री तपेश माथुर का योगदान केवल अपने व्यावसायिक जीवन तक सीमित नहीं रहा। वे कोटा चैप्टर ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स की स्थापना करने वाले संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं। कोटा में कॉस्ट एवं मैनेजमेंट अकाउंटिंग के क्षेत्र को संगठित रूप देने और इसके विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
लगभग आठ दशकों की जीवन यात्रा में श्री माथुर ने शिक्षा, वित्तीय प्रबंधन और कॉस्ट अकाउंटिंग के क्षेत्र में अपने अनुभव और ज्ञान से अनेक लोगों को लाभान्वित किया। उनका जीवन युवाओं के लिए निरंतर सीखने, जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और अपने पेशे के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।







