Wednesday, October 14, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ : संविधान सभा व एडवाइजरी बोर्ड की बैठक रविवार को

-अब्दुल अलीम (कलम का खेल)✍️

जयपुर। नवगठित राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ की संविधान सभा एवं एडवाइजरी बोर्ड की प्रथम महत्वपूर्ण बैठक रविवार को दोपहर 1 बजे टोडरमल स्मारक भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार प्रवीणचंद छावड़ा करेंगे। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, संविधान को अंतिम रूप देने तथा संगठन को विधिवत स्वरूप प्रदान करने से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

संगठन के संयोजक डा. अखिल बंसल ने बताया कि राजस्थान के अधिस्वीकृत एवं मान्यता प्राप्त पत्रकारों के हितों, सम्मान, अधिकारों तथा पत्रकारिता की गरिमा की रक्षा के उद्देश्य से गठित इस संगठन को मजबूत एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने बताया कि बैठक में राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ के संविधान के अंतिम प्रारूप पर विस्तृत विचार-विमर्श कर उसका अनुमोदन किया जाएगा। संविधान में संगठन के उद्देश्यों, सदस्यता, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों, एडवाइजरी बोर्ड, कार्यसमिति तथा जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचे सहित विभिन्न प्रावधानों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में संगठन के पंजीयन की विधिवत कार्यवाही प्रारंभ करने, आवश्यक दस्तावेज तैयार करने तथा पंजीयन के स्वरूप एवं प्रक्रिया पर भी निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही संगठन की कार्यसमिति के गठन एवं पदाधिकारियों के मनोनयन से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।

डा. बंसल ने बताया कि संगठन को केवल एक औपचारिक संस्था के रूप में नहीं, बल्कि प्रदेश के अधिस्वीकृत पत्रकारों के साझे मंच और मजबूत प्रतिनिधि संगठन के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन पत्रकारों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने, उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करने तथा पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक पहल करने के लिए कार्य करेगा।

बैठक में एडवाइजरी बोर्ड एवं संविधान सभा के लगभग 31 सदस्य शामिल होंगे। संविधान सभा के सदस्यों द्वारा संविधान पर विचार एवं अनुमोदन के साथ संगठन की भावी दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाएंगे।

बैठक को संगठन के गठन की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। संविधान के अनुमोदन एवं संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप दिए जाने के बाद राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ की आगामी गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित एवं सक्रिय रूप से संचालित किए जाने की योजना है।

IMG-20261001-WA0050
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles