कोटा में प्रसूताओं की मौत का सिलसिला आखिर कब थमेगा?
मेडिकल कॉलेज में प्रसूता की मौत पर शालिनी गौतम का धरना, न्याय मिलने तक संघर्ष का ऐलान
कोटा में प्रसूताओं की मौत के मामले लगातार सामने आने से चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी क्रम में आज फिर कोटा मेडिकल कॉलेज में नयागांव निवासी प्रसूता मिनाक्षी, पत्नी गुड्डू की मृत्यु का मामला सामने आने पर महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और अस्पताल परिसर में धरने पर बैठकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
शालिनी गौतम ने कहा कि प्रसूताओं की मौत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जो चिकित्सा व्यवस्था की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। आखिर कब तक परिवारों को इस तरह अपने प्रियजनों को खोना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, चिकित्सकीय लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा पीड़ित परिवार को न्याय और उचित राहत मिले।





