-भारत सिंह चौहान
कोटा। प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शक्ति सरोवर, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी कोटा में 80वां स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम में कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्मा कुमारी उर्मिला दीदी ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तथा उपस्थित भाई-बहनों और समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई।
विकारों की जंजीरों से मुक्ति ही सच्ची स्वतंत्रता
उर्मिला दीदी ने कहा कि देश को आजाद हुए 80 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी मनुष्य आत्मा काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे पांच विकारों की जंजीरों में बंधी हुई है। उन्होंने कहा कि परमात्मा शिव इस कलियुगी अज्ञान अंधकार की रात में आकर राजयोग के माध्यम से मनुष्य आत्माओं को इन विकारों से मुक्त होने का मार्ग बता रहे हैं। जब हम इन आंतरिक बंधनों से मुक्त होंगे, तभी सच्ची और सम्पूर्ण स्वतंत्रता का अनुभव कर सकेंगे।
*हरियाली तीज पर महिलाओं ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा*
कार्यक्रम में हरियाली तीज का पर्व भी पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। माताओं और बहनों ने रंग-बिरंगी लहरिया पोशाक पहनकर तीज के गीतों और देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आनंदमय बना दिया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राजस्थान की लोक संस्कृति और तीज की परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्मा कुमारी उर्मिला दीदी ने उपस्थित सभी भाई-बहनों को ईश्वरीय प्रसाद एवं पुष्प भेंट कर स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, आध्यात्मिकता और उमंग-उत्साह से सराबोर रहा।








