– रामावतार राठौर
कोटा/ राठौर तेली समाज छावनी कोटा के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ विशाल भव्य कावड़ यात्रा श्री चंद्रेश्वर महादेव मंदिर छावनी से विधिवत रूप से प्रारंभ हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कावड़ यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। श्री राधे महिला मित्र मण्डल राठौर तेली समाज छावनी का भी सहयोग रहा।
समिति के पदाधिकारी गणेश राठौर व निखिल राठौर ने बताया कि यात्रा श्री चंद्रेश्वर महादेव मंदिर से रवाना होकर मंगलेश्वर महादेव व्यायामशाला पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत जल भरकर कावड़ यात्रा को आगे बढ़ाया। इसके बाद यात्रा नगर निगम कॉलोनी, छावनी मुख्य बाजार एवं गोला मस्जिद के सामने से होते हुए पुनः श्री चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं का जगह-जगह स्वागत किया गया।
भक्तिमय वातावरण के बीच निकली कावड़ यात्रा में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ हर-हर महादेव एवं बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। यात्रा का समापन दोपहर करीब 2 बजे श्री चंद्रेश्वर महादेव मंदिर रामचंद्रपुरा छावनी पहुंचकर संपन्न हुआ। प्रेस रिपोर्टर श्री रामावतार राठौर कराड़िया परिवार कोटा राजस्थान।






