8-9 अगस्त को होगा अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष एवं वास्तु सम्मेलन, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर व भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन करेंगे शुभारंभ
कोटा। आदित्य सेवा संस्थान के तत्वावधान में 8 एवं 9 अगस्त को गीता भवन में विशाल अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष एवं वास्तु सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में देशभर से करीब 200 प्रतिष्ठित विद्वान, ज्योतिषाचार्य एवं शोधकर्ता हिस्सा लेकर ज्योतिष, वास्तु सहित विभिन्न विधाओं पर मंथन करेंगे।
संस्था अध्यक्ष आदित्य कुमार शास्त्री ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आमजन को ज्योतिष एवं वास्तु के माध्यम से सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना है। सटीक ज्योतिषीय एवं वास्तु परामर्श के माध्यम से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में विशेषज्ञ अपने अनुभव और ज्ञान साझा करेंगे।
सम्मेलन का शुभारंभ शनिवार सुबह 10:30 बजे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं शहर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन द्वारा किया जाएगा।
सम्मेलन संयोजक आशीष दाधीच ने बताया कि दो दिवसीय यह आयोजन कुल छह सत्रों में संपन्न होगा। इनमें ज्योतिष, वास्तु एवं फलादेश के साथ चिकित्सा तथा अन्य वैकल्पिक विधाओं से जुड़े विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा गहन चर्चा और मार्गदर्शन दिया जाएगा। सम्मेलन में पारंपरिक ज्योतिष के साथ स्वास्थ्य एवं वैकल्पिक चिकित्सा विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन के दौरान डॉक्टर्स, वरिष्ठ नागरिकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) का विशेष सम्मान भी किया जाएगा।
सम्मेलन में दिल्ली से ज्योतिषाचार्य अनिल वत्सी, अजय भामी एवं अरुण कुमार बंसल विशेष रूप से शामिल होंगे। वहीं जयपुर से आचार्य जगदीश तिवारी एवं अक्षय शास्त्री उपस्थित होकर अपने ज्ञान एवं अनुभव से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन ज्योतिष एवं वास्तु के क्षेत्र में कार्य कर रहे विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और आमजन के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी मंच साबित होगा।






