भारत सिंह चौहान
बारां। अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी, जिला बारां की ओर से जिले के मेधावी मुस्लिम छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को सम्मानित करने के लिए जिला स्तरीय अवार्ड डिस्ट्रीब्यूशन प्रोग्राम-2026 का आयोजन 30 अगस्त (रविवार) को सुबह 10 बजे अंजुमन मैरिज हॉल, अंजुमन चौराहा, बारां में किया जाएगा।
अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी के जिला प्रवक्ता शाहिद इकबाल भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत 10वीं बोर्ड में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले, 12वीं बोर्ड में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले, ग्रेजुएशन में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ वर्ष 2026 में हाफिज़, आलिम, कारी एवं मुफ़्ती की डिग्री प्राप्त करने वाले तलबा, नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी तथा वर्ष 2026 में सरकारी सेवा में चयनित अथवा नियुक्त हुए युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी के सदर आबिद हुसैन अंसारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, धार्मिक अध्ययन एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सम्मान समारोह में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी अंकतालिका अथवा संबंधित प्रमाण-पत्र 25 अगस्त 2026 तक जमा कराने होंगे। दस्तावेज़ भारत मेडिकल स्टोर (धर्मादा चौराहा, मांगरोल रोड), अंजुमन इस्लामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल (अंजुमन चौराहा) तथा कौसर बुक डिपो (मस्जिद बारा भाईयां के नीचे, तालाबपाड़ा) पर जमा किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम की सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रोग्राम कन्वीनर अब्दुल मतीन एवं हाजी इकबाल हुसैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने जिले के पात्र छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से निर्धारित समय सीमा में अपने दस्तावेज़ जमा कर कार्यक्रम का लाभ उठाने तथा अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।






