बारां। जिले के वयोवृद्ध एवं वरिष्ठ साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा के 84वें जन्मदिवस के अवसर पर उनकी पांचवीं पुस्तक ‘तपन’ का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हाड़ौती अंचल के प्रख्यात साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शर्मा परिवार के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में आमंत्रित साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर साहित्यिक वातावरण को समृद्ध बनाया। इसी क्रम में मंच से हाड़ौती एवं हिंदी की प्रतिनिधि गीत रचनाओं का काव्यपाठ प्रस्तुत किया गया। काव्यपाठ से पूर्व वरिष्ठ साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा को सम्मानस्वरूप हाड़ौती गीतों की पुस्तक ‘रूपाळी म्हारी मांगरोळ’ की प्रति भेंट की गई।
समारोह के दौरान बारां एवं हाड़ौती क्षेत्र के साहित्यकारों के बीच साहित्य, भाषा और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर सार्थक चर्चा भी हुई। वक्ताओं ने कन्हैयालाल शर्मा के दीर्घ साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर सृजनशील जीवन की कामना की।
कार्यक्रम साहित्यिक आत्मीयता, सम्मान और रचनात्मक संवाद का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।






