दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 20 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार SUV, दो युवक सुरक्षित
कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गोपालपुरा-बालापुरा के पास मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार SUV अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी। हादसे में गाड़ी सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। राहत की बात यह रही कि दोनों को खरोंच तक नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आने से SUV बेकाबू हो गई। चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर रफ्तार कम करने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी उछलकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी।
हादसे के बाद सुरक्षित बचने पर दोनों युवकों ने भगवान महाकाल का आभार जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त SUV को हटवाया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात फिर से सुचारू किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।









