कोटा/ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन, कोटा द्वारा रविवार को शक्ति नगर स्थित कैंप कार्यालय में “मानव सेवा–छाता वितरण समारोह” आयोजित किया गया। समारोह में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बड़े आकार के उच्च गुणवत्ता वाले छाते वितरित किए गए। संस्था द्वारा आगामी दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिकों, रिक्शा एवं ठेला चालकों, दिहाड़ी मजदूरों, सफाई कर्मियों तथा अन्य जरूरतमंद परिवारों को भी छाते वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जरूरतमंदों को छाते प्रदान कर किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने कहा कि “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।” उन्होंने कहा कि रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन ने यह सिद्ध किया है कि सेवा भावना की कोई आयु नहीं होती। सेवानिवृत्ति के बाद भी संस्था के सदस्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग की सेवा में सक्रिय रहकर अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक छाता किसी गरीब श्रमिक के लिए केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि धूप और बारिश से सुरक्षा का संबल है।
उन्होंने एसोसिएशन द्वारा पौधरोपण, कंबल वितरण, चप्पल वितरण, पक्षियों के लिए परिंडे लगाने, कपड़े के थैले वितरित करने तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न जनहितकारी अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरक मिसाल हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जैन ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से संस्था लगातार जनसेवा के कार्य कर रही है। गर्मी और बरसात के मौसम में मेहनतकश एवं गरीब वर्ग को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इस वर्ष भी छाता वितरण अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक सहायता पहुंचाना है। संस्था भविष्य में भी जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रखेगी।
इस अवसर पर एसोसिएशन के महामंत्री आर.के. जैन, अजय सोरल, परमानंद गोयल, हेमंत जैन, दिनेश विजय, के.पी. गोरवाल, अरविंद शर्मा, विमलचंद जैन, टीकमचंद जैन, रामस्वरूप अजमेरा, रणवंत सिंह राणा, लक्ष्मण सिंह, रवि गुप्ता, जतिन अरोरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के महामंत्री आर.के. जैन ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। संचालन अजय सोरल एवं देवेंद्र सिंह चौहान ने किया।
शक्ति नगर स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित मानव सेवा–छाता वितरण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जरूरतमंदों को छाते वितरित करते हुए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जैन, महामंत्री आर.के. जैन, कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र सिंह चौहान एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






